भिवानी में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एचटेट परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी किया। परीक्षा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के सफल, सुव्यवस्थित और पारदर्शी संचालन के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। आगामी 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा की आधिकारिक जानकारी देने के लिए वीरवार को भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय परिसर में शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन ने एक विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। चेयरमैन ने बताया कि परीक्षा के लिए रोल नंबर और शहर की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दी गई है। इस बार परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों की तुलना में महिला अभ्यर्थियों की संख्या ढाई गुना से भी अधिक है, जो राज्य में महिला सशक्तिकरण की बढ़ती दिशा को साफ दर्शाती है।

तीन स्तरों पर होगी परीक्षा

बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि इस वर्ष प्रदेशभर के कुल 383 परीक्षा केंद्रों पर 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। बोर्ड ने परीक्षा को तीन अलग-अलग स्तरों में विभाजित किया है, जिसके तहत 4 जुलाई को सायं कालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा होगी, जिसमें 73 हजार 91 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके बाद 5 जुलाई को प्रातः कालीन सत्र में लेवल-2 की परीक्षा में 1 लाख 19 हजार 141 अभ्यर्थी तथा इसी दिन सायं कालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा में 41 हजार 62 परीक्षार्थी अपनी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर अपने परीक्षा शहर की अग्रिम जानकारी आसानी से ले सकते हैं।

नकल रोकने के कड़े इंतजाम

शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने साफ किया कि परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर बोर्ड का एक प्रतिनिधि और जिला प्रशासन का एक राजपत्रित अधिकारी तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक डेटा कैप्चरिंग, वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों की सघन निगरानी के लिए विशेष उड़नदस्तों का गठन किया गया है। इसके अलावा, दिव्यांग परीक्षार्थियों को प्रति घंटा 20 मिनट के हिसाब से कुल 50 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के भीतर मंगलसूत्र पहनने, बिंदी और सिंदूर लगाने की पूरी छूट दी गई है।