हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की एचटेट परीक्षा को कैथल में पारदर्शी और नकल रहित बनाने के लिए प्रशासन ने 17 केंद्र तय किए हैं, जहां कुल 9,943 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे।

राकेश कथूरिया, कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 4 व 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 को जिले में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नकल रहित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिले में 17 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 9,943 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी अपराजिता बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में HTET Exam Kaithal तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों को परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तीन सत्रों में होगी एचटेट परीक्षा

डीसी ने बताया कि 4 जुलाई को सायं कालीन सत्र में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी, जिसमें 3,173 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। वहीं 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 5,392 शामिल होंगे और यह परीक्षा 17 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। सायं कालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 1,378 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और यह परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर समय रहते सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में हों। साथ ही परीक्षार्थियों की तलाशी लेने सहित तमाम तरह के सुरक्षा उपायों की समय रहते तैयारी पूरी कर लें। परीक्षा केंद्र अधीक्षक लिखने में असक्षम बच्चों के लिए नियमानुसार फैसला लें। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के आवश्यक उपाय समय रहते कर लिए जाएं। परीक्षा को लेकर यदि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और प्रतिबंध

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। नकल एवं अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उड़नदस्तों की तैनाती के साथ पर्याप्त पुलिस बल भी नियुक्त किया जाएगा। डीसी अपराजिता ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करें तथा उनका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थी निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचे ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

केंद्रों के पास धारा-163 रहेगी लागू

आगामी 4 व 5 जुलाई को एचटेट परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा-163 लागू रहेगी। आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटो स्टेट की दुकानें संचालित करने पर प्रतिबंध, पांच या पांच से अधिक एक साथ व्यक्ति इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। डीसी ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के लिए जिला में 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आरकेएसडी कॉलेज में 4 परीक्षा केंद्र, डॉ। बी आर अंबेडकर कॉलेज में 2, ओएसडीएवी स्कूल में 2, आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में 2, आईजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 2, जाट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जाट कॉलेज, अखिल भारतीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राधा कृष्णन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंडस链 पब्लिक स्कूल में एक-एक परीक्षा केंद्र शामिल हैं। एसपी मनप्रीत सूदन ने भी सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश जारी किए। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।