हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सोनीपत जिला प्रशासन ने सभी 22 केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
संजीव घनगस, सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 04 एवं 05 जुलाई को आयोजित करवा रही हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि सोनीपत शहर में HTET Exam Sonipat के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
तीन स्तर पर होगी एचटेट परीक्षा
उन्होंने बताया कि शहर के इन केंद्रों पर लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा में 3961, लेवल-2 (टीजीटी) में 6843 तथा लेवल-1 (पीआरटी) में 2964 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करें ताकि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के साथ आने वाले उनके परिजनों के लिए परीक्षा केन्द्र के आस-पास छाया में बैठने की व्यवस्था और पीने के पानी की व्यवस्था करवाएं।

परीक्षा केंद्रों पर रहेगी सख्त निगरानी
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी। उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की फ्लाइंग स्क्वायड, निरीक्षण एवं समन्वय टीमों का गठन किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करेंगे और परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य एचटेट परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
परीक्षार्थियों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि प्रत्येक परीक्षार्थी को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति का सामना करना पड़े तो वह तत्काल डायल-112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें तत्काल सहायता उपलब्ध करवाएंंगी। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि परीक्षा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर समय की पाबंदी, पहचान पत्रों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीयता संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।

नियमों का कड़ाई से करें पालन
उन्होंने परीक्षार्थियों से भी अपील की कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से पर्याप्त समय पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, प्रवेश पत्र एवं आवश्यक पहचान पत्र साथ लेकर आएं तथा परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखते हुए बोर्ड के सभी निर्देशों का पालन करें। इस मौके पर एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, नगराधीश सिमरन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, रोडवेज जीएम संजय कुमार, सीएमओ डॉ० अनुराधा जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा हर स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी केंद्र पर कोई गड़बड़ी न हो सके और योग्य उम्मीदवारों को परीक्षा देने में कोई परेशानी न आए।

