० डीसी अपराजिता ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
राकेश कथूरिया ,कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के तहत शनिवार को जिले में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकल रहित माहौल में संपन्न हुई। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 3173 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2801 ने परीक्षा दी, जबकि 372 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इस दौरान डीसी अपराजिता ने आरकेएसडी कॉलेज तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी केंद्रों पर बोर्ड के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नकल रहित तरीके से आयोजित की जा रही है। उन्होंने बिजली, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को सुचारु रखने तथा प्रत्येक केंद्र पर उपस्थित एवं अनुपस्थित अभ्यर्थियों का सही रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि रविवार, 5 जुलाई को प्रातःकालीन सत्र में जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर लेवल-2 (टीजीटी) तथा सायंकालीन सत्र में 5 परीक्षा केंद्रों पर लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ निगरानी बनाए हुए है।
डीसी ने कहा कि परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से भी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की अपील की, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी बीरभान सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

