जींद। हरियाणा पत्रकार संघ के बैनर तले मंगलवार को सफीदों में दिवंगत पत्रकार विक्रम की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सहायता समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार के परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम मौजूद रहे। उनके साथ मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष केबी पंडित, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दिवंगत पत्रकार विक्रम की धर्मपत्नी का उपचार करने वाले चिकित्सक डॉ. विकास आर्य भी विशेष रूप से समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पत्रकारों ने कठिन समय में सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

‘पत्रकार समाज की आवाज हैं’ : रामकुमार गौतम

विधायक रामकुमार गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और समाज की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और संकट के समय उनके परिवारों की सहायता के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

अब तक 2.60 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता: केबी पंडित

हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष केबी पंडित ने बताया कि संगठन अब तक प्रदेश के पत्रकारों और उनके परिवारों को 2 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुका है। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रकार परिवार पर संकट आने पर संगठन तुरंत सहायता पहुंचाने का प्रयास करता है और आगे भी यह परंपरा जारी रहेगी।

सरकार के सामने रखीं पत्रकार हित की मांगें

केबी पंडित ने इस अवसर पर राज्य सरकार के समक्ष पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। उन्होंने पत्रकारों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना, पत्रकार पेंशन को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने, डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी एक्रीडेशन देने तथा पेंशन के लिए पांच वर्ष के एक्रीडेशन की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की।

सफीदों इकाई की सराहना

कार्यक्रम के अंत में हरियाणा पत्रकार संघ के जींद जिला प्रधान विजेंद्र कुमार ने सफीदों इकाई के प्रधान विकास रोहिला और उनकी पूरी टीम का सफल आयोजन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीमित समय में जिस समर्पण, एकजुटता और जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया, वह अनुकरणीय है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा पत्रकार संघ भविष्य में भी प्रदेश के पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा किसी भी पत्रकार या उसके परिवार पर संकट आने पर संगठन मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m