कैथल। हरियाणा के कैथल जिले की पूंडरी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक सतपाल जांबा और बिजली निगम के अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं। गांव बरसाना में 90 लाख रुपये के जल निकासी प्रोजेक्ट के बीच आ रहे बिजली के पोल हटाने को लेकर विधायक और दो जूनियर इंजीनियरों (JE) के बीच विवाद बढ़ गया है। विधायक की शिकायत पर दोनों जेई का कैथल से कुरुक्षेत्र और पंचकूला ट्रांसफर कर दिया गया है, जिसके विरोध में कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है।
90 लाख के निकासी प्रोजेक्ट से शुरू हुआ पूरा विवाद
गांव बरसाना में पानी की निकासी के लिए करीब 90 लाख रुपये की लागत से एक प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इस काम के दौरान रास्ते में बिजली के पोल आ रहे थे। बिजली निगम के जेई सुनील कुमार और नरेश कुमार ने ग्रामीणों व अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि बिजली के पोल निगम की तय शर्तों और नियमों के तहत ही हटाए जा सकते हैं। आनन-फानन में बिना नियमों के पोल हटाना संभव नहीं है।
ग्रामीणों की शिकायत पर 24 सितंबर को हुआ ट्रांसफर
जेई के रुख से नाराज ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पूंडरी विधायक सतपाल जांबा से की। विधायक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत की, जिसके बाद 24 सितंबर को दोनों जूनियर इंजीनियरों—नरेश कुमार और सुनील कुमार का कैथल से कुरुक्षेत्र और पंचकूला तबादला कर दिया गया। दोनों को कैथल जिले से रिलीव भी कर दिया गया है।
नए स्टेशन पर जॉइनिंग से इनकार, धरने पर बैठे कर्मचारी
तबादले के बाद दोनों जेई ने नए स्थानों पर ड्यूटी जॉइन करने से साफ इनकार कर दिया है। एचएसईबी वर्कर यूनियन के बैनर तले दोनों जेई और निगम के अन्य कर्मचारी कैथल स्थित बिजली निगम कार्यालय में धरने पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यह ट्रांसफर दुर्भावनापूर्ण और रंजिश के तहत कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक यह ट्रांसफर ऑर्डर रद्द नहीं होगा, धरना जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर पूरे जिले में आंदोलन किया जाएगा।
विधायक बोले- तानाशाही बर्दाश्त नहीं होगी, करूंगा सस्पेंड
पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने अपने रुख पर कड़ा एतराज जताया है। विधायक ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की जायज समस्याओं को लेकर जेई तानाशाही रवैया अपना रहे थे, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों में बाधा डालने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दोनों जेई ने जल्द नए स्टेशन पर जॉइनिंग नहीं की, तो उन्हें सस्पेंड कराया जाएगा और इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी बात हो चुकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

