रातू। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के रांची स्थित फार्म हाउस में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर में एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप नजर आते ही फार्म हाउस के कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया और तत्काल स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेस्क्यू एक्सपर्ट
धोनी का फार्म हाउस रांची के दलादिली इलाके में स्थित है। कोबरा निकलने की जानकारी मिलने के बाद स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।रेस्क्यू के दौरान कोबरा के शरीर पर हल्की चोट भी आई। प्राथमिक देखभाल के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
फार्म हाउस में नहीं था धोनी का परिवार
घटना के वक्त फार्म हाउस में धोनी के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। हालांकि, सांप निकलने की खबर फैलते ही फार्म हाउस के कर्मचारियों के अलावा आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
करीब 18 साल पुराना बताया गया कोबरा
स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया कोबरा करीब 18 वर्ष पुराना था। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या किसी परिसर में सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट को सूचना दें।
उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की मदद से सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जा सकता है। इससे इंसानों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।



