चीन (तिब्बत)-नेपाल सीमा पर 26 अगस्त की सुबह आई फ्लैश फ्लड के 72 घंटे (तीन दिन) से अधिक हो चुका है. नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर के टूटने और भूस्खलन के कारण अचानक आई बाढ़ और मलबे के भारी बहाव ने रसुवा (Rasuwa) समेत कई इलाकों में भारी तबाही मचाई. अब नदी के शांत होने के बाद हर तरफ सिर्फ तबाही और मलबा का अंबार दिख रहा है. बाढ़ के तीन दिन बाद भी मलबे से शव मिलने का सिलसिला जारी है. अब तक 475 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है. जबकि 1600 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। इनमें करीब 290 भारतीय भी शामिल हैं. इस बीच नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है.

महिला के शव से सोने की बालियां चुराते दिखे लोग

वायरल हुए इस वीडियो में कुछ लोग बाढ़ में मारे गए एक महिला के शव से सोने की बालियां चुराते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होते ही नेपाल पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया. यह घटना ऐसे समय हुई है जब नेपाल इस दशक की सबसे भयानक बाढ़ आपदा से जूझ रहा है, जिसमें अब तक करीब 400 लोगों की जान जा चुकी है. यह वीडियो 41 सेकंड का है और इसमें साफ देखा जा सकता है कि दो लोग एक महिला के शव को लकड़ी के तख्तों की मदद से और बालों से खींचकर ले जा रहे हैं. इसके बाद वे शव के दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर एक तरफ रख देते हैं.

वीडियो बनाते दिखे लोग, फिर पुलिस ने लिया एक्शन

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आसपास कई लोग खड़े होकर यह सब देख रहे थे और कुछ लोग तो इसे अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी कर रहे थे. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला, लोगों ने इसकी कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि शव से बालियां चुराने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने वीडियो का एक हिस्सा भी शेयर किया.

भारत के 290 नागरिक लापता

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब नेपाल और तिब्बत में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. इस आपदा में अब तक लगभग 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दोनों देशों की सीमा पर 1468 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं. इस बाढ़ ने सैकड़ों लोगों को फंसा दिया है, जिनमें कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. भारत सरकार अपने 290 नागरिकों का पता लगाने में जुटी है जो अभी तक लापता हैं. सड़कें टूट चुकी हैं, पुल बह गए हैं और हर तरफ कीचड़ व मलबे का ढेर लगा है, जिसके चलते बचाव दल प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में संघर्ष कर रहे हैं. इसके अलावा एक नई बनी झील पर भी प्रशासन की नजर है, जो तेजी से भर रही है और इससे आगे और तबाही आने का खतरा बना हुआ है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m