अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले  ठगी का एक बेहद अनोखा और  चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू सामान और फर्नीचर पर भारी छूट का लालच देकर सैकड़ों लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर ली गई। आम लोगों की मेहनत की कमाई पर सुनियोजित तरीके से डाका डाल दिया, भारी छूट के नाम पर पहले भरोसा जीतना और फिर एडवांस राशि जमा कराकर फरार हो जाना,इस पूरे खेल ने सैकड़ों परिवारों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। कम दाम में घरेलू सामान और फर्नीचर देने का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाया गया और तय तारीख पर सामान देने के बजाय दुकान में ताला लटकाकर संचालक मौके से फरार हो गया। 

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हॉस्पिटल रोड स्थित एलआईसी ऑफिस के सामने गणेश यशोदा कॉम्प्लेक्स में संचालित मोहना ट्रेडर्स के संचालक ने पहले ग्राहकों को निर्धारित दर से करीब 80 प्रतिशत तक की छूट में सामान बेचकर भरोसा जीता, जिसके बाद 50 प्रतिशत छूट पर एडवांस भुगतान लेकर भविष्य में सामान देने की योजना शुरू की गई। 

READ MORE: ‘मुझे मार डालेंगे…’, मां को भेजा मैसेज; अगले दिन जंगल में पेड़ से लटका मिला शव, स्कूल के बाबू की संदिग्ध मौत से सनसनी

भारी छूट के इस ऑफर ने लोगों को आकर्षित किया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने घरेलू उपयोग के सामान, विशेष रूप से फर्नीचर लेने के लिए एडवांस राशि जमा करा दी, संचालक द्वारा ग्राहकों को सामान देने की तय तारीख भी दी गई, जिसके इंतजार में लोग उत्साहित थे। लेकिन जब निर्धारित तिथि पर ग्राहक अपना सामान लेने दुकान पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए, दुकान में ताला लटका मिला और संचालक फरार हो चुका था। 

इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ठगी का शिकार हुए लोग सैकड़ों की संख्या में दुकान के बाहर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया, जिसे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया। ठगी का शिकार हुई एक महिला की शिकायत पर ब्यौहारी पुलिस ने मोहना ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

READ MORE: कलेक्टर जनसुनवाई में युवक ने लगाई ‘इच्छा मृत्यु’ की गुहार, बीजेपी पार्षद कमलेश कालरा पर गाली-गलौच और दबाव का आरोप

पीड़ित दीपू पटेल सहित कई लोगों ने सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि उन्होंने कम दाम में सामान मिलने के लालच में अपनी मेहनत की जमा पूंजी एडवांस के रूप में जमा कर दी थी। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर छूट का ऑफर चलाए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस या प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी और न ही दुकान के दस्तावेजों का पूर्व परीक्षण किया गया, प्रारंभिक लापरवाही के चलते अब सैकड़ों लोग आर्थिक नुकसान का शिकार हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार संचालक की तलाश जारी है। वहीं ठगी का शिकार हुए लोग अपनी राशि वापस मिलने की उम्मीद में प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

वहीं इस मामले में ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउलहक ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहना ट्रेडर्स नामक एक फर्म के संचालक के द्वारा लोगो को कम दाम में एडवांस पैसा जमा करा सामना देने लुभावना ऑफर दिया गया और जब लोग समान लेने पहुंचे तो फर्म के ताला लगा था और संचालक फरार हो गया। एक महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m