वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में आज रविवार को हुए एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। गांव के खंधा स्थित आहर में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, वहीं घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
नेत्रहीन थे धनकेश्वर मांझी
मृतकों की पहचान शेरपुर गांव निवासी स्वर्गीय फगिनी मांझी के 55 वर्षीय नेत्रहीन पुत्र धनकेश्वर मांझी और उनकी 50 वर्षीय पत्नी बालेश्वरी देवी के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र सतवीर कुमार ने कहा कि गोतिया में दादी के दसकर्म का कार्यक्रम था। इसी दौरान मुंडन कराने के लिए उनके नेत्रहीन पिता धनकेश्वर मांझी गए थे। चूंकि पिता आंखों से देख नहीं सकते थे, इसलिए उनकी मां बालेश्वरी देवी भी साथ गई थीं।
पैर फिसलने से हुआ हादसा
मुंडन के बाद धनकेश्वर मांझी गांव के ही आहर में स्नान करने चले गए, जबकि उनकी पत्नी पास में कपड़े धोने लगीं। इसी दौरान पानी में उतरते समय धनकेश्वर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पति को डूबता देखकर बालेश्वरी देवी उन्हें बचाने के लिए तुरंत आहर में कूद गईं। लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों डूब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू कर दी।
एसडीआरएफ की टीम ने निकाला शव
काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने बालेश्वरी देवी का शव पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन धनकेश्वर मांझी का कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर अस्थावां थाना पुलिस और अंचलकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की कोशिश विफल होने के बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद गहरे पानी से धनकेश्वर मांझी का शव भी बरामद कर लिया।
परिजनों में मची चीख-पुकार
इस हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे चार पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि दोनों शवों को आहर से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- भागलपुर में थार-ट्रक के बीच भीषण टक्कर, दो लोगों की मौके पर मौत, तीसरा गंभीर

