अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के मांझा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पहले एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई और अगले ही दिन उसके पति का शव गांव के एक बगीचे में आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। दो दिनों में हुई इन दो मौतों से भटवलिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

​दहेज हत्या का लगा था आरोप

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रियंका देवी उर्फ नेहा के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व भटवलिया निवासी सुजीत प्रसाद (30) के साथ हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। महिला की संदिग्ध मौत के बाद उसके मायके वालों ने पति सुजीत और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया था।

​फरार पति का बगीचे में मिला शव

पत्नी की मौत के बाद से ही सुजीत प्रसाद घर से फरार बताया जा रहा था। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर ही रहे थे कि अगले दिन मांझा थाना क्षेत्र के चंदन टोला स्थित एक आम के बगीचे में उसका शव पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों की नजर जब पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

​जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही मांझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया।​बड़ा सवाल यह है कि क्या सुजीत ने पत्नी की मौत के बाद लगे संगीन आरोपों और पुलिसिया कार्रवाई के डर से आत्महत्या की है, या फिर इस दोहरे हत्याकांड/मौत के पीछे कोई और गहरी साजिश है?​फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से मासूम बच्चों के सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ गया है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ये भी पढ़ें- नालंदा में भीषण हादसा, खड़े ट्रक में जा भिड़ी तेज रफ्तार ऑटो, चालक समेत 6 लोग….