मुकेश सेन, टीकमगढ़। अब तो ये शग़ल बनता जा रहा है कि यदि आपका सरकारी दफ्तर में काम ना हो, प्रेमिका या प्रेमी आपकी ना सुन रहा हो तो मोबाइल या बिजली के टावर पर चढ़ जाओ अपने आप सुनवाई होगी। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सामने आया है। जहां पत्नी का रिश्वत देने के बाद भी नाम समग्र आईडी में नही जुड़ पाया तो पति गांव में लगे एंटीना टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा।
दरअसल, यह पूरा मामला टीकमगढ़ ज़िला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित मिनोरा गांव का है। जहां गांव के हरकिशन आदिवासी ने अपनी पत्नी का नाम समग्र आईडी में जुड़वाने गांव के सरपंच, सचिव व रोजगार सहायक को पांच हजार बतौर रिश्वत दिए थे। लेकिन पैसे देने के बावजूद भी उसकी पत्नी का नाम ये सम्रग आईडी में नहीं जोड़ रहे थे।
ये भी पढ़ें: Bargi Cruise Accident Case: जांच आयोग के समक्ष याचिका, प्रशासन को बताया जिम्मेदार, मौसम विभाग को पार्टी बनाने की मांग
इससे परेशान व नाराज होकर इस आदिवासी युवक ने ये खतरनाक रास्ता चुना और वह गांव के ही एंटीना टावर पर चढ़ गया। सूचना पर खिरिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने उसे समझा बुझाकर टावर से नीचे उतारा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वही अब इस पूरे मामले में प्रशासन जांच कर कार्यवाही की बात कर रहा है। एसडीएम संस्कृति लिटौरिया ने कहा कि जांच की जा रही है। लापरवाही बरतने वालों पर एक्शन लिया जाएगा।

