साहिबगंज। कहते हैं प्यार के आगे रिश्तों की राह बदल जाती है। झारखंड के साहिबगंज में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां पति ने अपनी पत्नी की इच्छा को स्वीकार करते हुए उसकी शादी उसके प्रेमी से करा दी। 8 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के बाद हुई इस शादी की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के विनोद मंडल ने बताया कि उसकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। कुछ समय पहले उसकी पत्नी की सोशल मीडिया के जरिए बिहार के बाखरपुर गांव निवासी गोलू कुमार से पहचान हुई। बातचीत बढ़ी तो दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और उनका रिश्ता प्रेम में बदल गया।

पति ने कई बार समझाया, लेकिन नहीं मानी पत्नी

विनोद के मुताबिक, उसे जब पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी मिली तो उसने दोनों को समझाने की कोशिश की। हालांकि पत्नी और उसका प्रेमी अलग होने को तैयार नहीं हुए। दूसरी तरफ महिला के परिवार वालों ने भी दोनों की शादी के लिए सहमति दे दी।

इसके बाद विनोद ने पत्नी की इच्छा के सामने अपने वैवाहिक रिश्ते से अलग होने का फैसला किया और उसकी शादी गोलू से कराने के लिए तैयार हो गया।

लोगों की मौजूदगी में हुई शादी

गुरुवार को दोनों की शादी करा दी गई। विवाह के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। देखते ही देखते यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

शादी के बाद गोलू और उसकी पत्नी ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी और आपसी सहमति से यह फैसला लिया है। दोनों ने साथ रहकर नया जीवन शुरू करने की बात कही।

प्रेमी के परिवार ने भी दी मंजूरी

गोलू कुमार ने बताया कि उसके माता-पिता इस रिश्ते के लिए राजी हैं। उसने कहा कि वह अपनी पत्नी को अपने साथ रखेगा।फिलहाल, पति द्वारा 8 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को खत्म कर पत्नी की उसके प्रेमी से शादी कराने का यह मामला साहिबगंज में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।