Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में कॉम्पैक्ट और सब-फोर मीटर SUV सेगमेंट का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है। इसी बढ़ती मांग को भुनाने के लिए हुंडई मोटर इंडिया एक नए मास्टरप्लान पर काम कर रही है। कंपनी अपनी लोकप्रिय कार ‘क्रेटा’ से छोटी और ‘एक्सटर’ से ऊपर एक नई सब-कॉम्पैक्ट SUV उतारने की तैयारी में है। ऑटो इंडस्ट्री में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, हुंडई की यह नई कार अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाली हुंडई बेयॉन (Hyundai Bayon) के प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है। फिलहाल कंपनी के भीतर इसे ‘BC4i’ कोडनेम से पहचाना जा रहा है।

Fronx समेत इन SUVs से होगा मुकाबला

हाल के दिनों में इस नई कार को भारतीय सड़कों पर टेस्ट रन के दौरान कई बार देखा गया है। स्पाई तस्वीरों से साफ संकेत मिलते हैं कि कार का ट्रायल रन अंतिम चरणों में है और हुंडई इसे बहुत जल्द बाजार में उतार सकती है। बाजार में आते ही इसका सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी फ्रोंक्स (Fronx), टोयोटा अर्बन क्रूजर टैटसर (Taisor), रेनॉल्ट काइगर और निसान मैग्नाइट जैसी कारों से होगा। इसके अलावा, जो ग्राहक वेन्यू से कुछ अलग और स्पॉटी डिजाइन की तलाश में हैं, उनके लिए भी यह एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरेगी।

नया 1.2-लीटर TGDi इंजन बनेगा खासियत

इस नई SUV का सबसे बड़ा आकर्षण इसका इंजन सेटअप माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हुंडई भारतीय परिस्थितियों और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक नया 1.2-लीटर TGDi टर्बो-पेट्रोल इंजन तैयार कर रही है। यह नया 4-सिलेंडर टर्बो इंजन कंपनी के मौजूदा 1.0-लीटर टर्बो इंजन के मुकाबले ज्यादा पावरफुल होगा और पिकअप के मामले में बेहतर प्रदर्शन करेगा। वहीं दूसरी ओर, 1.5-लीटर टर्बो इंजन की तुलना में यह ज्यादा ईंधन दक्षता (माइलेज) देने में सक्षम होगा।

कंपनी 1.0-लीटर और 1.5-लीटर टर्बो ऑप्शंस के बीच एक सही संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है ताकि ग्राहकों को पावर और माइलेज दोनों का सही कॉम्बो मिले। इस बात की भी प्रबल संभावना है कि हुंडई भविष्य में इस 1.2-लीटर टर्बो इंजन को माइल्ड या स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक के साथ पेश करे, जिससे कार का माइलेज और भी शानदार हो जाए।

स्पोर्टी डिजाइन में आएगी SUV

डिजाइन और लुक की बात करें तो टेस्टेड मॉडल की झलक से पता चलता है कि यह काफी हद तक हुंडई बेयॉन और वेन्यू के मिले-जुले स्पोर्टी प्रोफाइल से प्रेरित है। कार के फ्रंट में आधुनिक स्प्लिट हेडलैंप डिजाइन दिया गया है, जिसमें ऊपरी हिस्से में स्लिम और आकर्षक LED DRLs और नीचे की तरफ मुख्य हेडलैंप यूनिट मौजूद है। फ्रंट ग्रिल को स्पोर्टी लुक दिया गया है और बंपर पर मस्कुलर ब्लैक क्लैडिंग के साथ पार्किंग सेंसर्स देखने को मिलते हैं।

ADAS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद

सबसे खास बात यह है कि टेस्टिंग मॉडल के फ्रंट बंपर पर रडार मॉड्यूल भी देखा गया है। इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि हुंडई इस नई SUV में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसा सुरक्षा फीचर भी दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो सुरक्षा के मामले में यह अपने सेगमेंट में नया मानक स्थापित करेगी।

कितनी हो सकती है कीमत?

हुंडई के लाइनअप में यह SUV एक्सटर और क्रेटा के बीच खाली जगह को भरेगी। इसकी कीमत मौजूदा वेन्यू के आसपास (लगभग ₹8 लाख से ₹15.50 लाख एक्स-शोरूम) रखी जा सकती है। हुंडई आने वाले समय में इसके आधिकारिक नाम, फीचर्स सूची और लॉन्च की सटीक तारीख से पर्दा उठाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें