बठिंडा। मलोट रोड पर मिले कथित जासूसी कैमरा के मामले में जांच में जुटी पुलिस ने मुख्य आरोपी से पूछताछ की है. इस दौरान थर्मल पुलिस थाना द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी ‘नींबू’ से अब आईबी के अधिकारी भी पूछताछ करेंगे. इस दौरान अनुमान लगाया गया है कि कई बड़े खुलासे होने की संभावना है.
इस मामले में दो दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी नींबू ने पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे किए हैं. इससे जुड़ी और कई अहम जानकारी और सामने आने की संभावना बन रही है. पूछताछ ने मुख्य आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.
आईबी की टीम करेगी कई सवाल
अनुमान है कि आईबी की टीम आरोपी से उसके सीमा पार संभावित संपर्कों, कैमरे लगाने की पूरी साजिश, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और उसे मिली कथित मदद के बारे में गहन पूछताछ करेगी. हालांकि गुरुवार दोपहर तक आईबी की टीम थाना नहीं पहुंची थी, लेकिन जल्द पूछताछ होने की संभावना जताई जा रही है.
बता दें कि इससे पहले गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी ‘नींबू’ तक पहुंचने के संकेत मिले थे. अब ‘नींबू’ की गिरफ्तारी के बाद चौथे आरोपी की भूमिका सामने आ रही है. माना जा रहा है कि चौथा आरोपी पकड़े जाने के बाद पूरे नेटवर्क और मामले की तस्वीर साफ हो सकती है.
उधर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से बच रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस का मानना है कि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने तक मामले की संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

