ICC T20I Rankings: 11 मार्च को आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग जारी हुई है, जिसमें बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. एक तरफ जहां गेंदबाजी में भारतीय दबदबा कम हुआ है, वहीं बल्लेबाजी में ‘अपनों’ के बीच ही नंबर-1 की कुर्सी के लिए जंग छिड़ गई है.

ICC T20I Rankings: टी20 विश्व कप 2026 में जिन खिलाड़ियों ने जलवा दिखाया, उन्हें आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ है. गेंदबाजी में जहां टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती ने अपनी नंबर-1 की बादशाहत गंवा दी है, लेकिन बल्लेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने टॉप-2 पर कब्जा जमा लिया है. नंबर एक पर अभिषेक शर्मा काबिज रहे हैं, जबकि नंबर 2 पर नए बल्लेबाज की एंट्री हुई है. ये कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया का ही एक धुरंधर है और अभिषेक शर्मा का खास दोस्त भी. अब यही खिलाड़ी अभिषेक शर्मा से नंबर-1 की कुर्सी छीनने को तैयार है.

अभिषेक शर्मा ताजा टी20 रैंकिंग में भले ही अभिषेक 875 रेटिंग प्वाइंट के साथ नंबर 1 पर हैं, लेकिन उनकी कुर्सी को खतरा है. ये खतरा टीम इंडिया के ही तूफानी विकेटकीपर बैटर ईशान किशन से है, क्योंकि किशन अब अभिषेक से सिर्फ 4 अंक पीछे हैं. ईशान किशन 871 प्वाइंट के साथ दूसरे नंबर पर आ चुके हैं. उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और इंग्लैंड के खिलाड़ी फिल सॉल्ट को पछाड़ दिया है.

क्यों खतरे में आई अभिषेक की कुर्सी?

अभिषेक शर्मा का टी20 विश्व कप 2026 बढ़िया नहीं गया. वो 8 मैचों में 17.62 की औसत से सिर्फ 141 रन बना सके, जिसमें जिम्बाब्वे के खिलाफ और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आई 2 फिफ्टी भी शामिल हैं. इसके बाद भी वो नंबर 1 की कुर्सी बचाने में सफल रहे. यही वजह है कि रैंकिंग में उनके अंक नहीं बढ़े और अब नंबर 1 की कुर्सी खतरे में आ चुकी है.

ईशान किशन को क्यों फायदा हुआ?

ईशान किशन टी20 विश्व कप 2026 में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे, जिन्होंने कुल 8 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए. उनके बल्ले से 33 चौके और 18 छक्के निकले. वर्ल्ड कप से ठीक पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में वापसी की थी और बल्ले से तबाही मचा दी थी. यही वजह है कि किशन को इस शानदार प्रदर्शन का इनाम रैंकिंग में मिला है.

इसे भी पढ़ें: IPL 2026 पर पड़ सकता है LPG संकट का असर, क्या आगे बढ़ेगा शेड्यूल? चेयरमैन धूमल ने दिया बड़ा अपडेट

संजू ने हासिल की करियर की बेस्ट टी20 रेटिंग

इधर टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले संजू सैमसन को भी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में तगड़ा फायदा हुआ है. संजू ने लंबी छलांग लगाकर अपने करियर की बेस्ट टी20 रेटिंग हासिल कर ली है. वो 637 रेटिंग प्वाइंट के साथ 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं. संजू ने 43 बल्लेबाजों को पछाड़कर नंबर 22 पर कब्जा किया है. टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 5 मैचों में 321 रन बनाए थे, उनका औसत 80.25 का रहा था. खास बात ये रही कि संजू के बल्ले से 24 चौके और 27 छक्के निकले थे. उन्होंने करीब 200 के स्ट्राइक रेट से गर्दा उड़ाया.

वरुण से छिना नंबर 1 का ताज

उधर टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन करने वाले वरुण चक्रवर्ती को आईसीसी रैंकिंग में बड़ा झटका लगा है. वरुण चक्रवर्ती अब नंबर 1 गेंदबाज नहीं रहे. उनकी जगह अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान का नंबर 1 पर कब्जा हो चुका है, जिनके पास 753 रेटिंग प्वाइंट हैं. वरुण 740 रेटिंग प्वाइंट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह को जबरदस्त फायदा हुआ है. वो अब नंबर 6 पर आ चुके हैं.