सुमन चौहान, करनाल। नगर निगम आयुक्त एवं करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड की निदेशक सलोनी शर्मा ने एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का दौरा कर शहर में संचालित स्मार्ट सेवाओं और नागरिक सुविधाओं की लाइव निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़ी स्क्रीन पर स्ट्रीट लाइट सिस्टम, स्काडा आधारित जलापूर्ति और सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात प्रबंधन की स्थिति देखी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का रोस्टर भी जांचा।

स्ट्रीट लाइट शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था संभाल रही एचपीएल एजेंसी से प्रतिदिन मिलने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि टोल फ्री नंबर 0184-2200600 और ऑनलाइन पोर्टल पर मिलने वाली हर शिकायत का 48 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। एजेंसी के अनुसार प्रतिदिन करीब 20 से 25 शिकायतें प्राप्त होती हैं।
स्काडा प्रणाली से 176 नलकूपों की निगरानी
निगमायुक्त ने स्काडा प्रणाली के जरिए जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के 176 नलकूप इस प्रणाली से जुड़े हैं और कंट्रोल रूम से तय समय के अनुसार उनका संचालन किया जाता है। शहर में सुबह 5 से 10 बजे, दोपहर 12 से 2 बजे और शाम 5 से रात 10 बजे तक जलापूर्ति की जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि पानी की लाइन में लीकेज या किसी भी तकनीकी खराबी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
427 सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
आईसीसीसी के माध्यम से शहर में लगे 427 सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड भी देखी गई। इनमें बुलेट, पीटीजेड, आरएलवीडी और एएनपीआर कैमरे शामिल हैं। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कैमरे हर समय सुचारु रूप से काम करें और किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत दूर किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आईसीसीसी में 24 घंटे पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं, जो शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखते हैं।
पब्लिक अनाउंसमेंट और आपातकालीन सेवाओं की भी निगरानी
आईसीसीसी के जरिए 35 पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, 36 वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (वीएमडी), 35 इमरजेंसी कॉल बॉक्स और दो पर्यावरण सेंसर की भी निगरानी की जा रही है। इन माध्यमों से शहरवासियों को आवश्यक सूचनाएं और यातायात संबंधी संदेश दिए जाते हैं। आपात स्थिति में नागरिक इमरजेंसी कॉल बॉक्स के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर
सलोनी शर्मा ने कहा कि आईसीसीसी आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की नागरिक सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की निगरानी का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम करने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सेवाएं मिलती रहें।
इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, सहायक अभियंता (विद्युत) मनीष अग्रवाल, कनिष्ठ अभियंता मुनीष लाल और संदीप ढींगड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


