अनिल मालवीय, सीहोर। इछावर कृषि उपज मंडी कार्यालय के भीतर सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक मामला सामने आया है। गुरुवार को मंडी कार्यालय के एक कक्ष के भीतर लापरवाही की हदें पार करते हुए एक कर्मचारी द्वारा अपनी इलेक्ट्रिक/बैटरी चालित बाइक को चार्ज किया जा रहा था। सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह बिजली के बोर्ड से निजी वाहन चार्ज करना न केवल प्रशासनिक नियमों के विरुद्ध है, बल्कि इससे किसी बड़ी अनहोनी शॉर्ट सर्किट या आगजनी की आशंका भी बनी हुई है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
सरकारी दफ्तरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अलावा इस तरह के भारी वाहनों या बैटरियों को चार्ज करने पर स्पष्ट पाबंदी होती है। इसके बावजूद, जिम्मेदार कर्मियों द्वारा इस प्रकार की लापरवाही बरतना प्रशासनिक व्यवस्था पर कई बड़े सवाल खड़े करता है। जानकारों का कहना है कि दफ्तर के कमरों में इस तरह चार्जिंग करने से यदि कोई शॉर्ट सर्किट होता है, तो वहां रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जलकर खाक हो सकते हैं।
जिम्मेदारों की नाक के नीचे हो रहा यह सब
मंडी परिसर जैसे सार्वजनिक और व्यस्त कार्यालय में इस प्रकार के अवैध कृत्य पर किसी भी वरिष्ठ अधिकारी की नजर न पड़ना या देखकर भी अनजान बन जाना अपने आप में चिंता का विषय है। स्थानीय नागरिकों और किसानों ने इस मामले में नाराजगी जताते हुए लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

