० सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, नागरिकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील

राकेश कथूरिया ,कैथल। जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए आमजन से यातायात नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करने की अपील की है। डीसी अपराजिता ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए तथा सड़कों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

डीसी ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी केवल खुद के लिए ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकती है।

इन नियमों का अवश्य करें पालन
० ट्रैफिक सिग्नल और यातायात संकेतों का पालन करें
० ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन न चलाएं
० जेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग करें
० दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें
० चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना न भूलें
० ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें
० शराब पीकर वाहन चलाने से बचें

डीसी अपराजिता ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह कानूनन अपराध होने के साथ-साथ गंभीर हादसों का कारण भी बन सकता है।

डीसी ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। सामूहिक सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।