हिसार। हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय हिसार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में एसपी हिसार, सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, साइबर थाना और साइबर सेल के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बढ़ते अपराधों, विशेषकर साइबर अपराधों पर नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में IGP ने सभी इकाइयों को निर्देश दिए कि गंभीर मामलों की जांच में तेजी लाई जाए और किसी भी बड़ी घटना की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने साइबर अपराधों से निपटने के लिए साइबर सेल और थानों के बीच बेहतर समन्वय और सूचना आदान-प्रदान पर जोर दिया।

IGP द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश
० सभी इकाइयां अपराध की त्वरित जांच सुनिश्चित करें और गंभीर मामलों की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दें।
० साइबर अपराध मामलों में साइबर सेल और थानों के बीच समन्वय को मजबूत किया जाए।
० डिजिटल साक्ष्य संग्रहण और साइबर फोरेंसिक प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जाए।
० मामलों का समयबद्ध थाना स्तर पर फॉलो-अप अनिवार्य किया जाए।
० बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों के साथ मिलकर साइबर जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
० आम जनता को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग और पहचान चोरी से बचाने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हों।
० कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जाए।
० आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ किया जाए।
० उपलब्ध बल का सही नियोजन, नियमित प्रशिक्षण और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
० किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

IGP कुलदीप सिंह आईपीएस ने कहा कि पुलिस का प्राथमिक दायित्व नागरिकों की जीवन—संपत्ति की सुरक्षा है। तकनीक आधारित अपराधों के बढ़ते खतरे के मद्देनजर हर इकाई को सजग, उत्तरदायी और सक्रिय रहकर जनता का भरोसा बनाए रखना होगा। सार्वजनिक शिकायतों का त्वरित निवारण और अपराधियों के विरुद्ध दृढ़ कार्रवाई हमारी शीर्ष प्राथमिकता होगी।
अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि उपरोक्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करके प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट क्षेत्रीय मुख्यालय को भेजी जाए। जनता से अनुरोध है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि होते ही नजदीकी थाना/साइबर सैल को सूचित करें।