IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद उपजा गुस्सा अब इस कदर बढ़ चुका है कि संस्थान को अपनी परीक्षाएं तक टालनी पड़ी हैं. यूथ कांग्रेस ने आरोपी प्रोफेसर दूल्ला की तुरंत गिरफ्तारी और डिजिटल सबूतों को बचाने की मांग उठाई है. संस्थान के परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया.

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या का मामला अब महज़ कैम्पस की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक बड़े सियासी और सामाजिक आंदोलन में तब्दील हो चुका है.

साहिल की मौत के बाद IIT बॉम्बे के भीतर और बाहर उपजा गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है. कैम्पस के बाहर भीम आर्मी और कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन, और भीतर सुलगते असंतोष के बीच IIT बॉम्बे प्रशासन ने 26 और 27 सितंबर को होने वाली अपनी सभी Mid-Sem Exams रद्द कर दी हैं.

मुंबई के पवई स्थित IIT बॉम्बे कैम्पस के बाहर आज स्थिति उस वक्त बेकाबू हो गई, जब भीम आर्मी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया. कैम्पस के भीतर फैकल्टी से मिलने जा रहीं कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ को पुलिस ने गेट पर ही रोककर हिरासत  में ले लिया.

वहीं, ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भी इस मामले में प्रोफेसर दूल्ला की तुरंत गिरफ्तारी और डिजिटल सबूतों से छेड़छाड़ न होने देने की मांग उठाई है.

पुलिस के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की के बीच वर्षा गायकवाड़ और उनके साथ मौजूद कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गाड़ियों में भरकर नजदीकी पुलिस स्टेशन भेज दिया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सांसद और महिला कार्यकर्ताओं सहित कई अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने ले जाया गया.

सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि इस पूरे मामले को दबाने की घिनौनी कोशिश की जा रही है. बीजेपी और आरएसएस ने मिलकर हमारे पूरे एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद कर दिया है. ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं. सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि कांग्रेस मृतक छात्र के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और राहुल गांधी ने उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m