मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में स्वीडिश होम फर्निशिंग कंपनी आइकिया इंडिया के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर निवेश योजनाओं पर चर्चा की। इस बड़ी परियोजना से प्रदेश में लगभग 10 हजार रोजगार मिलने की उम्मीद है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में बड़े विदेशी निवेश की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में स्वीडिश होम फर्निशिंग कंपनी आइकिया इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पैट्रिक एंटोनी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक में हरियाणा में कंपनी के मौजूदा और भविष्य के निवेश पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान आइकिया इंडिया के सीईओ पैट्रिक एंटोनी ने हरियाणा सरकार द्वारा कंपनी की परियोजनाओं के निर्माण कार्य, मंजूरियों और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में दिए गए सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से कंपनी की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में आइकिया के निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को उद्योग-अनुकूल माहौल और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कंपनी की भविष्य की विस्तार योजनाओं में भी सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
बैठक के दौरान पैट्रिक एंटोनी ने मुख्यमंत्री को अगले वर्ष गुरुग्राम में बनने वाले आइकिया स्टोर के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आइकिया की यह परियोजना हरियाणा को वैश्विक निवेश के पसंदीदा केंद्र के रूप में और मजबूत बनाएगी।
आइकिया वर्तमान में गुरुग्राम में करीब 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये की लागत से अपनी महत्वाकांक्षी परियोजना विकसित कर रही है। लगभग 10 एकड़ में बनने वाली इस परियोजना में रिटेल स्टोर, कार्यालय परिसर और सामुदायिक सुविधाएं एक ही परिसर में विकसित की जाएंगी। इस निवेश से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने बताया कि कौशल विकास तंत्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर इस परियोजना से मिलने वाले रोजगार का अधिकतम लाभ दिलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पैट्रिक एंटोनी को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन कुमार चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

