राजधानी दिल्ली के कबीर नगर इलाके में सरकारी जमीन पर कथित अवैध पार्किंग संचालन का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के नाले से सटी सरकारी जमीन पर कब्जा कर पार्किंग चलाई जा रही है। इसी पार्किंग में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हुआ, जब पार्किंग कर्मचारी कार खड़ी करते समय वाहन समेत सिंचाई विभाग के नाले में जा गिरा।
नाले में गिरी कृषि मंत्रालय में तैनात कार
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मारुति सियाज कार एक निजी कंपनी की है, जो कृषि मंत्रालय को अनुबंध के तहत वाहन उपलब्ध कराती है। चालक राहिल ने बताया कि वह मंगलवार रात ड्यूटी के बाद कार लेकर कबीर नगर स्थित अपने घर पहुंचा और पास की पार्किंग में वाहन खड़ा कर दिया। उसका दावा है कि उसने कार की चाबी पार्किंग कर्मचारी अनस को सौंप दी थी।
अगली सुबह जब वह पार्किंग पहुंचा तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। उसे बताया गया कि पार्किंग कर्मचारी अनस कार लेकर नाले में गिर गया था। हादसे में कर्मचारी को मामूली चोटें आईं, जबकि कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
अनस के खिलाफ एफआईआर दर्ज
राहिल की शिकायत पर वेलकम थाना पुलिस ने पार्किंग कर्मचारी अनस के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, दूसरे के जीवन को खतरे में डालने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से शिकायत किए जाने के बाद मामला दर्ज हुआ।
सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप, नुकसान की भरपाई से इनकार
पीड़ित का कहना है कि पार्किंग संचालकों ने कार के नुकसान की भरपाई करने से साफ इनकार कर दिया। क्षतिग्रस्त कार की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्किंग संचालकों ने सरकारी बोर्ड पर काला रंग पोत दिया, ताकि यह पता न चल सके कि जमीन सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की है। इस विभाग का प्रभार मंत्री प्रवेश वर्मा के पास है। मामले में निगम की उपायुक्त ममता यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

