विनोद सैनी ,हिसार। हिसार में महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष सांझा संघर्ष समिति द्वारा पिछले 40 दिनों से चलाए जा रहे आंदोलन का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। कर्मचारियों के लगातार संघर्ष के बाद प्रशासन ने उनकी कई वर्षों से लंबित प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया है।

समिति के नेताओं ने बताया कि वर्ष 2018 बैच के चालक कर्मचारियों की एसीपी (ACP) जारी कर दी गई है, जबकि शेष लंबित मामलों का भी जल्द निपटारा करने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा वर्ष 2012 बैच के वेटिंग परिचालकों की एसीपी भी जारी कर दी गई है।

रात्रि ठहराव (नाइट स्टे) से संबंधित सैंक्शन मुख्यालय से प्राप्त हो चुका है। इसे अकाउंट शाखा में लागू करवाने के लिए कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को 08 जुलाई 2026 तक का समय दिया है। वहीं रात्रि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों से भरवाए जाने वाले अतिरिक्त फॉर्म भी बंद कर दिए गए हैं और पहले की तरह रजिस्टर प्रणाली को दोबारा लागू कर दिया गया है।

सांझा संघर्ष समिति ने आंदोलन के समर्थन में अपनी रात्रि ठहराव वाली बसें हिसार डिपो में खड़ी कर सहयोग देने वाले सभी चालक-परिचालक साथियों का आभार जताया। साथ ही कर्मचारियों से अपनी सुविधा अनुसार बुधवार से नियमित ड्यूटी पर लौटने की अपील की गई है।

आज हुई बैठक की अध्यक्षता राज्य कमेटी ने की, जबकि मंच संचालन मंजीत सौरखी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन और धरना जारी रहेगा तथा भविष्य में भी संघर्ष पूरी मजबूती के साथ जारी रखा जाएगा।

बैठक में राज्य सांझा संघर्ष समिति के जयवीर घणघस, जगदीप लाठर, संदीप रंगा, सुरेंद्र सिंह, शिव कुमार श्योराण, धर्मेंद्र सिवान, राजबीर दुहन, दर्शन जांगड़ा, सुरेश बिनौलिया और सतेंद्र कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं हिसार डिपो की सांझा संघर्ष समिति से संदीप जैनवास, अजय दुहन, जितेंद्र शर्मा, कर्मवीर मसूदपुर, बजरंग लाखा, अरुण शर्मा, जोगिंदर पंघाल, अमित जुगलान, नरेंद्र खरड़, पवन कन्नौह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य बिंदु:

0 2018 बैच के चालकों की ACP जारी

0 2012 बैच के वेटिंग परिचालकों की ACP जारी

0 नाइट स्टे सैंक्शन मुख्यालय से प्राप्त

0 अतिरिक्त फॉर्म बंद, रजिस्टर प्रणाली लागू

0 8 जुलाई तक आदेश लागू करने की मोहलत

0 रोडवेज सेवाएं बहाल, धरना जारी रहेगा।