नई दिल्ली। ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अपील का असर अब राजधानी दिल्ली में दिखाई देने लगा है। दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, इस सोमवार दिल्ली मेट्रो में पिछले सोमवार की तुलना में करीब 77.92 हजार अधिक यात्रियों ने सफर किया। बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने विभिन्न लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। DMRC ने रेड, यलो और ब्लू जैसी प्रमुख मेट्रो लाइनों पर 6 अतिरिक्त ट्रेनें बढ़ाई हैं। इसके चलते मेट्रो नेटवर्क में 25 अतिरिक्त फेरे लगाए गए, ताकि यात्रियों को भीड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिल सके।

ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान का असर अब दिल्ली मेट्रो में दिखाई देने लगा है। जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह की तुलना में इस सोमवार दिल्ली मेट्रो में करीब 77.92 हजार अधिक पैसेंजर जर्नी दर्ज की गईं। यानी बड़ी संख्या में लोगों ने निजी वाहनों की बजाय मेट्रो से यात्रा करना पसंद किया। हालांकि यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण कुछ लाइनों पर भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में थोड़ी अधिक रही, लेकिन अधिकारियों के अनुसार यह अब भी मेट्रो के सामान्य यात्री दबाव के दायरे में ही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न प्रमुख लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि सफर सुगम बना रहे और भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जा सके।

क्या कहते हें आंकड़े?

DMRC के अनुसार, प्रमुख कार्यदिवसों पर दिल्ली मेट्रो में प्रतिदिन औसतन 64 लाख से 70 लाख तक पैसेंजर जर्नी दर्ज की जाती हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम, त्योहार, सप्ताह के दिन और महीने के अनुसार यात्रियों की संख्या में उतार-चढ़ाव होता रहता है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सप्ताह सोमवार यानी 11 मई को मेट्रो में कुल 66,27,654 पैसेंजर जर्नी दर्ज की गई थीं। वहीं इस सप्ताह सोमवार को यह आंकड़ा बढ़कर 67,05,575 तक पहुंच गया। इस प्रकार एक सप्ताह के भीतर मेट्रो में 77,921 अतिरिक्त यात्राएं दर्ज की गईं।

DMRC के अनुसार विभिन्न दिनों में दर्ज पैसेंजर जर्नी इस प्रकार रहीं

11 मई (सोमवार): 66,27,654

12 मई (मंगलवार): 65,17,586

13 मई (बुधवार): 63,26,392

14 मई (गुरुवार): 61,98,886

15 मई (शुक्रवार): 64,51,944

16 मई (शनिवार): 54,74,519

17 मई (रविवार): 43,62,629

18 मई (सोमवार): 67,05,575

आंकड़ों के मुताबिक, 18 मई को सोमवार के दिन सबसे अधिक 67 लाख से ज्यादा पैसेंजर जर्नी दर्ज की गईं, जो पिछले सोमवार की तुलना में करीब 77,921 अधिक थीं।

दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई ट्रेनें

दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए DMRC ने कई प्रमुख लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेनें बढ़ा दी हैं। DMRC के अनुसार, रेड, यलो, ब्लू, वायलेट, मजेंटा और पिंक लाइन पर एक-एक अतिरिक्त ट्रेन जोड़ी गई है। इस तरह कुल 6 ट्रेनें बढ़ाई गई हैं, जिससे सामान्य दिनों की तुलना में मेट्रो ने 25 अतिरिक्त फेरे लगाए। अधिकारियों का कहना है कि पिछले 2 दिनों में कई गणमान्य लोगों ने भी मेट्रो से सफर किया, जिससे लोगों के बीच सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m