आलोक शर्मा, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के शासकीय मातृ-शिशु अस्पताल में लापरवाही के चलते नवजात शिशु की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। लैब रिपोर्ट में गंभीर लापरवाही के आरोप में सीएमएचओ ने लैब टेक्निशियन के खिलाफ बसंतपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराया है। बता दें कि लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से इस मामले को उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

बसंतपुर थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा गया है कि 20 जुलाई 2026 को रात्रि 02:30 बजे कविता मंडावी उम्र 25 वर्ष, पति नाडे मंडावी ग्राम टोलागांव को प्रसव पीड़ा होने पर जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। भर्ती पश्चात् सभी प्रकार की खून जांच के लिए प्रसूता महिला का सेम्पल परिजनों ने अटल आरोग्य लैब भेजा था। उक्त प्रसूता महिला की लैब जांच रिपोर्ट अगले दिन दोपहर 12:49 मिनट पर जारी की गई, जिसके कारण उक्त प्रसूता महिला को समय रहते सिजेरियन ऑपरेशन करने में देरी की वजह से उक्त प्रसूता माता का गर्भस्थ शिशु गर्भ में ही खत्म हो गया था।

इसे भी पढ़ें – मातृ शिशु अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का लगाया आरोप, दोषियों के खिलाफ की सख्त कार्रवाई की मांग

सीएमएचओ ने कहा है कि 20 जुलाई 2026 को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव के अटल आरोग्य लैब में कार्यरत् एचएलएल हेथ्य केयर लिमिटेड के संबंधित टेक्नीशियन खोमेन्द्र कुमार ने सही समय पर ब्लड जांच की रिपोर्ट चिकित्सकों को उपलब्ध नहीं कराया। गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके संबंध में खोमेन्द्र कुमार लैब टेक्नीशियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

परिजनों ने की थी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

बता दें कि शासकीय मातृ शिशु अस्पताल में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। परिवार का आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद डॉक्टर नवजात को अपने साथ ले गए, लेकिन उसकी स्थिति के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि करीब आधे घंटे तक कोई डॉक्टर या अस्पताल का जिम्मेदार अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया। बाद में उन्हें केवल कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया और नवजात का शव सौंप दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m