सुप्रिया पांडेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक किसान परिवार को साय सरकार से बड़ी राहत मिली है। सक्ती जिले के 10 वर्षीय रिमोन तंडन के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इलाज के लिए यह राशि एम्स रायपुर को जारी करने की स्वीकृति मिली है।
रिमोन तंडन के इलाज का मामला तब चर्चा में आया था, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उससे मुलाकात कर उसे गोद में उठाकर दुलारा था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोन के इलाज का खर्च उठाने का भरोसा दिया था। आर्थिक रूप से कमजोर किसान परिवार के लिए बच्चे के इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था।


लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
रिमोन के इलाज और उसके परिवार की आर्थिक परेशानी से जुड़े मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था। खबर सामने आने के बाद अब मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे रिमोन के इलाज में परिवार को बड़ी राहत मिली है। 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने से रिमोन के उपचार का रास्ता आसान हो गया है। अब एम्स रायपुर में उसके इलाज की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। परिवार को उम्मीद है कि बेहतर उपचार से रिमोन की सेहत में सुधार होगा।
दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है 10 वर्षीय रिमोन
सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों ने उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई है, जिस पर लगभग 12 लाख रुपए का व्यय संभावित है। इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था करना किसान परिवार के लिए संभव नहीं था। उपचार की चिंता के बीच मुख्यमंत्री से मिली सहायता ने परिवार को नया संबल दिया है।
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के बीच बेटे की बीमारी और महंगे उपचार की आवश्यकता ने परिवार की चिंता बढ़ा दी थी। एक ओर बेटे को जल्द से जल्द आवश्यक उपचार दिलाने की जरूरत थी, वहीं दूसरी ओर उपचार पर आने वाला लाखों रुपए का खर्च परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर था। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री साय की पहल से स्वीकृत 12 लाख रुपए की सहायता ने परिवार की सबसे बड़ी चिंता दूर कर दी है। अब रिमोन को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने का रास्ता आसान हो गया है।
किसान पिता ने कहा – कठिन समय में सरकार ने दिया बड़ा सहारा
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था। वे लंबे समय से रिमोन के स्वास्थ्य और उसके उपचार को लेकर चिंतित थे। मुख्यमंत्री साय ने उनकी परेशानी को समझा और तत्काल सहायता स्वीकृत कर परिवार को बहुत बड़ा सहारा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने हमारे बेटे के इलाज की चिंता को अपनी चिंता समझा। उनके सहयोग से अब हमें विश्वास है कि हमारे बेटे को आवश्यक उपचार मिल सकेगा। इस कठिन समय में हमारे परिवार के साथ खड़े होने के लिए हम मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के हृदय से आभारी हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

