कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़।हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2024 (एचटेट) से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना जारी की है। बोर्ड की ओर से 8 व 9 जून 2026 को उन अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाई जाएगी, जो पहले यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। बोर्ड ने साफ किया है कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूर्ण नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
बोर्ड प्रवक्ता के अनुसार एचटेट-2024 परीक्षा का आयोजन 30 व 31 जुलाई 2025 को किया गया था, जबकि इसका परिणाम 10 नवंबर 2025 को घोषित किया जा चुका है। परिणाम जारी होने से पहले विभिन्न जिलों में स्थापित वेरिफिकेशन केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच करवाई गई थी। इसके बाद शेष अभ्यर्थियों को 12 से 14 नवंबर और 19 से 21 नवंबर 2025 तक दूसरा अवसर भी दिया गया, लेकिन कुछ अभ्यर्थी फिर भी प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके।
ऐसे अभ्यर्थी जिनका परिणाम RLV (Result Late Due to Verification) [रिजल्ट लेट ड्यू टू वेरिफिकेशन] दिखाया गया है, वे 8 व 9 जून 2026 को शिक्षा बोर्ड मुख्यालय, भिवानी पहुंचकर अपनी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र और मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लाना अनिवार्य होगा।
बोर्ड ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भी सूचना भेजी जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जो अभ्यर्थी तय तिथियों पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं करवाएंगे, उनका परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जाएगा।

