चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने चार प्रमुख MEMU ट्रेनों के संचालन में किए गए बदलाव की अवधि बढ़ा दी है। पहले यह व्यवस्था 9 सितंबर तक लागू थी, जिसे अब बढ़ाकर 24 सितंबर 2026 तक कर दिया गया है।
इस अवधि में संबंधित ट्रेनें टाटानगर स्टेशन तक नहीं जाएंगी। इनका संचालन आदित्यपुर स्टेशन तक किया जाएगा और वहीं से वापसी या आगे की यात्रा शुरू होगी। रेलवे के इस बदलाव का सीधा असर इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
इन चार ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव
68004 गुवा-टाटानगर MEMU
गुवा से चलने वाली यह ट्रेन अब टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
68019 टाटानगर-गुवा MEMU
यह ट्रेन टाटानगर से रवाना होने के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से गुवा के लिए प्रस्थान करेगी।
68020 गुवा-टाटानगर MEMU
गुवा से आने वाली ट्रेन टाटानगर तक नहीं जाएगी और आदित्यपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी।
68009 टाटानगर-चक्रधरपुर MEMU
यह ट्रेन टाटानगर के स्थान पर आदित्यपुर स्टेशन से चक्रधरपुर के लिए रवाना होगी।
24 सितंबर तक यात्री रखें ध्यान
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय इस बदलाव को ध्यान में रखें। चक्रधरपुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी ने यात्रियों से निर्धारित अवधि तक बदले हुए टर्मिनल के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया है।
रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और टर्मिनल की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि आखिरी समय पर किसी तरह की परेशानी न हो।



