चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने CET ग्रुप-D भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को महत्वपूर्ण रिमाइंडर जारी किया है। आयोग ने कहा है कि आवेदन की अंतिम तिथि अब बेहद करीब है और पात्र उम्मीदवार 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपना ऑनलाइन आवेदन फाइनल सबमिट कर दें। आयोग ने अंतिम समय में वेबसाइट पर बढ़ने वाले ट्रैफिक और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र भरते समय सभी जानकारियां और दस्तावेज सावधानीपूर्वक जांच लें, क्योंकि किसी भी त्रुटि की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। आवेदन सबमिट करने से पहले सभी विवरणों का पुनः सत्यापन करने की भी सलाह दी गई है।

HSSC ने अभ्यर्थियों को दी ये अहम सलाह
0 आवेदन फॉर्म पूरी सावधानी से भरें।
0 सभी आवश्यक दस्तावेज सही प्रारूप में अपलोड करें।
0 फाइनल सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की दोबारा जांच करें।
0 अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन पूरा करें।

आयोग के अनुसार, रविवार तक 6,60,645 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 4,45,002 उम्मीदवार अपना आवेदन फाइनल सबमिट कर चुके हैं। यह जानकारी HSSC के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।

आयोग ने यह भी बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि के बाद अभ्यर्थियों को 6 जुलाई तक आवेदन शुल्क जमा करने का अवसर मिलेगा। वहीं, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 7 से 9 जुलाई तक सुधार (Correction Window) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।