पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को राजा गार्डन स्थित होम गार्डन ग्राउंड के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी इमरान के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने आरोपी को होम गार्डन ग्राउंड के पास घेर लिया था। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली इमरान के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ में घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और हत्या की वजह समेत वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
चाकू से हत्याकांड को दिया गया अंजाम
पुलिस के अनुसार, इमरान पर मुस्कान की हत्या का आरोप है। बुधवार को मुस्कान तिलक नगर स्थित अपने घर की दूसरी मंजिल पर अकेली थी। इसी दौरान कथित तौर पर इमरान घर में घुसा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पड़ोसियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। जांच टीम ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस को आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, इमरान उस जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता था, जहां मुस्कान जिम करती थी। पुलिस अब दोनों के बीच संबंध और वारदात के पीछे की वजह की जांच कर रही है।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
जांच के दौरान पुलिस को इमरान के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर राजा गार्डन के होम गार्डन ग्राउंड के पास घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली इमरान के पैर में लगी। इसके बाद उसे दबोच लिया गया और घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
फैशन कंटेंट क्रिएटर और मॉडल थीं मुस्कान
मुस्कान शर्मा फैशन कंटेंट क्रिएटर और मॉडल थीं। वह ब्राइडल-वियर ब्रांड्स और मेकअप आर्टिस्ट के साथ फोटोशूट और प्रमोशनल कैंपेन में काम करती थीं। इसके साथ ही वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से ग्रेजुएशन कर रही थीं। परिवार के मुताबिक, उनके परिवार में मां, दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है। मुस्कान तीन बहनों में सबसे छोटी थीं। मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि वह परिवार में सबसे छोटी बहन थी और सभी की चहेती थी। वह काफी मेहनती थी और उसे इस बात का एहसास था कि उसकी मां ने परिवार के लिए बहुत संघर्ष किया है। अमन के मुताबिक, मुस्कान अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देना चाहती थी। दोस्त ने बताया कि मुस्कान ने कम उम्र में ही अच्छी कमाई करना शुरू कर दिया था। इसके साथ ही वह अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए थी। वह बड़े सपनों वाली एक होनहार छात्रा थी और अपने करियर को लेकर काफी गंभीर थी। वहीं, पास में रहने वाली मुस्कान की एक सहेली ने बताया कि वह बहुत मेहनती और महत्वाकांक्षी थी। उसकी इच्छा यूरोप जाने की थी और वह अपने भविष्य को लेकर कई सपने देखती थी।
इमरान पर पहले से दर्ज था केस, पिछले महीने भी हुई थी शिकायत
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी इमरान के खिलाफ पहले से भी मामला दर्ज है। जांच में सामने आया है कि करीब चार महीने पहले वह इलाज के लिए नशा मुक्ति केंद्र गया था। इसी महीने भी वह वहां गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद वापस लौट आयाएक अन्य अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के फोन से मिली बातचीत की जांच में दोनों के रिश्ते में तनाव की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इमरान कथित तौर पर मुस्कान को परेशान करता था और उस पर धोखा देने का आरोप लगाता था। अधिकारी ने आशंका जताई कि यह वारदात सोच-समझकर की गई हो सकती है।
पिछले महीने परिवार ने की थी पुलिस से शिकायत
अधिकारी के मुताबिक, मुस्कान और उसके परिवार ने पिछले महीने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी की थी। हालांकि, उस समय इमरान के नशा मुक्ति केंद्र चले जाने के कारण उसके खिलाफ आगे कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, बाद में मुस्कान ने भी मामले में कार्रवाई के लिए ज्यादा जोर नहीं दिया और दोनों ने आपस में विवाद सुलझा लिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 2021 के एक मामले में इमरान के खिलाफ IPC की धारा 308 के तहत केस दर्ज किया गया था। यह धारा गैर-इरादतन हत्या की कोशिश से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में इमरान को गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे छोड़ दिया गया। यह मामला अभी अदालत में लंबित है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


