न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में झाड़-फूंक और चमत्कारी इलाज के नाम पर भोले-भाले लोगों से लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यहां रामनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामला अनूपपुर जिले के थाना रामनगर क्षेत्र का, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
READ MORE: रेलवे स्प्रिंग कारखाने में आगजनी का मामला: मेंटेनेंस कंपनी की लापरवाही आई सामने, LPG लाइन का कॉक खुला छोड़ने से हुआ था हादसा
रामनगर थाना क्षेत्र में चमत्कारी इलाज और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को पुलिस ने धर दबोचा है। पीड़ित लक्ष्मण सिंह पोरते ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता को लकवा होने के बाद आरोपियों ने झाड़-फूंक के बहाने घर में डर का माहौल बनाया और इलाज के नाम पर नगदी व जेवरात हड़प लिए। आरोपियों ने पहले पूजा-पाठ और टोना-टोटका का नाटक किया, फिर तंत्र-मंत्र से नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर परिवार से सोना-चांदी के आभूषण और नगद रकम ले ली।
READ MORE: महिला की गला घोंटकर हत्या से सनसनी: परिजनों ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम और एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े सात लाख के सोना-चांदी के आभूषण, 3 लाख 61 हजार रुपये नगद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तंत्र-मंत्र की किताब और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में सत्या नाई उर्फ सत्यनारायण सेन, सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी और लीला गिरी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने पहले किन-किन जगहों पर इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

