अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. अलीनगर थाना क्षेत्र के एक घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. इस घटना में एक गर्भवती सहित कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है. लेकिन घायलों के मेडिकल में कथित तौर पर टालमटोल की जा रही है. पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है. पीड़ित छोटेलाल खरवार पुत्र रामवृक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि यह घटना 4 मार्च को होली के दिन दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के सनी यादव, अनिल यादव, कन्हैया यादव, मोहित यादव और विरू यादव नशे की हालत में लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर उनके घर के दरवाजे पर पहुंच गए.

छोटेलाल के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया. जब छोटेलाल जान बचाने के लिए घर के अंदर भागे, तो आरोपी भी घर में घुस गए. उन्होंने घर की महिलाओं और अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की और सामानों में तोड़फोड़ की. इस दौरान छोटेलाल को बचाने आए उनके बेटे मुकेश, गर्भवती बहू अंजली, पत्नी गीता देवी और भाभी गीना देवी को भी पीटा गया. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर की महिलाओं के साथ अभद्रता की और उनके कपड़े फाड़ दिए. उन्होंने घर में रखे कीमती सामान और दरवाजों में भी तोड़फोड़ की. इस मारपीट में सभी घायलों को गंभीर चोटें आई हैं.

इसे भी पढ़ें : हत्या या आत्महत्या? गंगा पुल पर मिली छात्रा की लाश, छानबीन में जुटी पुलिस

पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी, जिसके बाद उन्हें अलीनगर थाने बुलाया गया. हालांकि, पुलिस ने अगले दिन रिपोर्ट लिखवाने को कहा. घटना के दो दिन बाद शुक्रवार को पांच आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली गई, लेकिन मेडिकल के लिए अभी भी पुलिस टालमटोल कर रही है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस का रवैया उदासीन है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हो रहे हैं. इस मामले में अलीनगर पुलिस ने सनी यादव, अनिल यादव, कन्हैया यादव, मोहित यादव और विरू यादव के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.