कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पत्नी का साथ न मिलने पर एक शराबी पति इस कदर बौखला गया कि देसी कट्टा लेकर सीधे अपनी ससुराल पहुंच गया। आरोपी ने छत पर चढ़कर जमकर गाली-गलौज की और दहशत फैलाने के लिए अपने चचिया ससुर पर फायर भी कर दिया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब ढाई से तीन घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद थाना प्रभारी ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी का भरोसा जीता, उसका कट्टा छीनकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
READ MORE: शिवपुरी में पालतू कुत्ते की मौत पर बवाल: मालिक ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, हत्या का लगाया आरोप
दरअसल मामला ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र के ग्राम सौजना का है। किसान अरविंद गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी रोमा की शादी पुरानी छावनी निवासी जोगेंद्र सिंह राणा गुर्जर से हुई थी। जोगेंद्र शराब पीकर आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। प्रताड़ना से तंग आकर रोमा अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। इस दौरान जोगेंद्र पत्नी को वापस ले जाने आया,लेकिन उसने साथ जाने से इंकार कर दिया। इससे नाराज होकर वह देसी कट्टा लेकर ससुराल पहुंचा और हंगामा शुरू कर दिया।आरोपी ने गालीगलौज करते हुए अपने चचिया ससुर अरविंद गुर्जर को जान से मारने की धमकी दी और उन पर फायर भी कर दिया। गोली से अरविंद बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी छत पर चढ़ गया और लोडेड कट्टा लेकर बैठा रहा। पुलिस लगातार उसे समझाने की कोशिश करती रही,लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।करीब ढाई से तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन में थाना प्रभारी आलोक परिहार ने सूझबूझ से आरोपी का भरोसा जीता। आरोपी शराब के नशे में बीड़ी पी रहा था। बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने मौके का फायदा उठाकर पहले उसके हाथ से कट्टा छीन लिया, फिर उसमें भरा कारतूस निकालकर सुरक्षित किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
READ MORE: MP की आंगनवाड़ी में पोषण आहार के नाम पर बांटी ‘नमक-पूरी’, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप; कांग्रेस ने घेरा-विभाग ने बताई आपसी रंजिश
पुलिस ने उसके पास से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं,घटना के वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं,पुलिस ने अरविंद गुर्जर की शिकायत पर आरोपी जोगेंद्र सिंह राणा गुर्जर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 351(3), 110 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास अवैध हथियार कहां से आया। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


