कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़ । हरियाणा में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस महासचिव Randeep Singh Surjewala ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि अब जनप्रतिनिधि, व्यापारी और आम नागरिक तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में धमकी, फिरौती, रंगदारी और गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

सुरजेवाला ने रोहतक के महम में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग का जिक्र करते हुए कहा कि बदमाशों ने थाने के सामने स्थित कार्यालय पर गोलियां बरसा दीं, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए कहा कि जब थाने के सामने ऐसी घटनाएं हो सकती हैं तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा।

कांग्रेस नेता ने सिरसा जिले की कालांवाली मंडी में एक व्यापारी से कथित तौर पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी के मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के व्यापारी भय और असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि अपराधी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और पुलिस घटनाओं की जिम्मेदारी पड़ोसी राज्यों पर डालकर अपनी जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है।


सुरजेवाला ने कहा कि बेलगाम अपराधियों, गुंडों और गैंगों ने प्रदेश के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा गैंगस्टरों, माफियाओं और आपराधिक गिरोहों के शिकंजे में फंसता जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री नायब सैनी सरकार हालात संभालने में विफल साबित हो रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश की जनता जवाब चाहती है कि आखिर कानून का राज चलेगा या अपराधियों का।