चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बीते दिन दिल दहला देने वाली घटना चंदननगर थाना क्षेत्र के राजनगर इलाके में हुई थी, जहां एक हाथी ने 48 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक विजय की सूंड से धक्का देकर पैरों तले कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मृतक विजय हाथी के पास पहुंचकर उसे थैली देने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने पहले अपनी सूंड से जोरदार धक्का दिया और फिर पैर से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर घायल विजय की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 

महावत पर केस दर्ज 

मामले में पुलिस ने उज्जैन निवासी महावत उमेश के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हाथी को संबंधित विभाग को सौंपने के लिए पत्राचार भी शुरू कर दिया है। जांच में पता चला कि हाथी को धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए उज्जैन से इंदौर लाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हाथी को वापस उज्जैन ले जाने की तैयारी चल रही थी, तभी यह हादसा हो गया। 

READ MORE: हाथी को गुड़ खिलाना ऑटो ड्राइवर को पड़ा महंगा, सूंड से पटककर कुचला, तड़प कर हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने हाथी प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में हाथी को बिना पर्याप्त सुरक्षा के ले जाना जोखिम भरा है। पुलिस के अलावा वन विभाग और जिला प्रशासन भी मामले की जांच कर रहा है। हाथी के स्वभाव और महावत की देखरेख पर सवाल उठ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m