अनिल सक्सेना, रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां मामूली कहासुनी ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक देवर ने अपनी भाभी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव की है, जहां पूरा गांव मातम में डूबा हुआ है। आरोपी देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
READ MORE: इंसानियत की मिसाल: अटैक से तड़पते युवक की CPR देकर बचाई जान, Live लाइफ सेविंग का Video आया सामने
जानकारी के मुताबिक जिले के खोहा गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर में खाना बना रही भाभी से देवर ने चाय बनाने को कहा। भाभी ने मना कर दिया तो मामूली बात इतनी बढ़ गई कि देवर रामु मालवीय ने गुस्से में आकर डंडे उठा लिए। महिला के पति और अन्य परिजन उस वक्त खेत पर थे। घर पर सिर्फ 32 वर्षीय भाभी पूजा मालवीय, उनका 8 साल का बेटा और देवर मौजूद थे। देवर ने भतीजे के सामने ही भाभी पर बेरहमी से डंडों से वार किए। बच्चा पैरों से लिपटकर रोता-चीखता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुका। वह तब तक पीटता रहा जब तक भाभी की सांसें थम नहीं गईं।
READ MORE: तहसील कार्यालय में रिश्वत लेने का Video हुआ वायरल, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सांची सिविल अस्पताल भेज दिया। आरोपी देवर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब पूछताछ कर रही है कि आखिर छोटी सी बात ने इतना खतरनाक रूप क्यों ले लिया। घटना के बाद से परिवार और गांव वाले सदमे में हैं। एक छोटे से विवाद ने एक मां और बहू की जिंदगी छीन ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

