अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में उस वक्त अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई, जब शादी के बाद पहली बार बहू को मायके से ससुराल ला रही एक CNG अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। यह हादसा शहडोल चौपाटी के समीप सरावगी पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां चलती कार से धुआं और आग की लपटें उठती देख मौके पर हड़कंप मच गया। 

READ MORE: महिला की पिटाई करने वाले शख्स निकला कांग्रेस का! BJP ने बताया कमलेश्वर पटेल का करीबी, Congress को कहा अफवाहों की फैक्ट्री

जानकारी के अनुसार शहडोल जिला मुख्यालय की पुरानी बस्ती निवासी रामजी गुप्ता के बेटे की करीब तीन माह पहले देवसर में शादी हुई थी, शादी के बाद पहली बार बहू की विदाई कराकर परिवार के लोग शहडोल लौट रहे थे, इसके लिए उन्होंने शहडोल की विराट कैब की एक CNG अर्टिगा कार किराए पर ली थी। कार में ड्राइवर सहित कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें नई नवेली बहू भी शामिल थी। जैसे ही कार शहडोल चौपाटी के पास सरावगी पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते कार में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और बिना समय गंवाए सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, इस त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई। 

READ MORE: लोगों की जान बचाने वाली गाड़ी बनी काल: एंबुलेंस की टक्कर से घायल युवक की मौत, CCTV फुटेज आया सामने

हालांकि देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग इस भयावह दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा, गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शादी की खुशियों के बीच यह घटना लंबे समय तक लोगों को दहला देने वाली बन गई। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m