अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में कानून को खुली चुनौती, जंगल की हिफाजत करने निकली फॉरेस्ट टीम पर कोल माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। रेंजर सहित वन अमले को बंधक बनाकर मारपीट की गई। इस दौरान 30 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने अपनी दबंगई दिखाई। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक खनन माफियाओं के हौसले यूं ही बुलंद रहेंगे? क्या अब जंगल बचाने वाले ही असुरक्षित हो गए हैं?
READ MORE: भोपाल में 11वीं की छात्रा से रेप मामले में एक और खुलासा: आरोपी माज खान ने कबूला- ‘दोस्त ओसाफ ने किया दुष्कर्म, मैंने वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल’
दरअसल जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करना वन विभाग के लिए अब जानलेवा साबित होता जा रहा है। ताजा मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र के बडखेरा अंतर्गत खितौली बीट सीमा स्थित सोन नदी का है, जहां अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर लौट रही वन टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया, हमले में शहडोल रेंजर राम नरेश विश्वकर्मा सहित वन अमले के कर्मचारियों को घेरकर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई।
बताया जा रहा है कि सोन नदी के किनारे कोल माफिया लंबे समय से अवैध उत्खनन कर कोयले का परिवहन कर रहे थे। वन विभाग को इसकी सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद जब अमला वापस लौट रहा था, तभी करीब 30 से अधिक लोगों ने संगठित होकर रास्ता रोक लिया और हमला बोल दिया। सूत्रों के अनुसार दो दिन पूर्व भी माफियाओं ने रेंजर के साथ बदतमीजी करते हुए धमकी दी थी। घटना की शिकायत वन विभाग द्वारा सोहागपुर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
READ MORE: तीन युवकों के शव मिलने से फैली सनसनीः ढाबे के पास पड़े थे तीनों शव, सड़क हादसे में मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हमले हो चुके हैं। ब्यौहारी क्षेत्र में रेत माफियाओं द्वारा एक पटवारी और एएसआई पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी गई थी। लगातार बढ़ते हमलों ने प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि कोल माफिया पर कब तक सख्त शिकंजा कसा जाता है।
READ MORE: MP के व्यापारी को लॉरेंस गैंग की धमकीः वॉइस मैसेज से मांगी 10 करोड़ की फिरौती, सायबर पुलिस जांच में जुटी
वन मंडलाधिकारी दक्षिण, श्रद्धा पंद्रे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन कर्मियों पर हमला बेहद गंभीर विषय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे मामले में सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग की तरफ से एक शिकायत आई है , जिस पर मामलें की जांच करा उचित कार्रवाई की जाएगी।

