हरियाणा डेस्क। उत्तराखंड के चंपावत जिले में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के पर्यटकों को लेकर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 3:21 बजे टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल्थी के पास हुआ। कार मुन्स्यारी से टनकपुर की ओर जा रही थी, तभी चल्थी क्षेत्र में चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी।
घायलों की पहचान मोहित (33), अतुल (32), अमनदीप (30), आदित्य (32) और विवेक (32) के रूप में हुई है। सभी पर्यटक हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुन्स्यारी घूमने आए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

