अनिल शर्मा,बराड़ा। गांव जफरपुर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम ने गंदे पानी की शिकायतों के बाद पूरे गांव का निरीक्षण किया।टीम ने घर-घर जाकर नलों से आ रहे पानी की जांच की और उन क्षेत्रों का निरीक्षण किया जहां गंदे पानी की शिकायत मिली थी। इस दौरान कई स्थानों पर खुदाई कर जल कनेक्शनों की जांच की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं पाइपलाइन में लीकेज तो नहीं है।

विभाग के जिला केमिस्ट द्वारा गांव से पानी के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें अंबाला कैंट स्थित विभाग की वॉटर टेस्टिंग लैब में जांच के लिए भेजा गया है। इस निरीक्षण में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी साथ मौजूद रही।

अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान अधिकांश घरों में पानी सामान्य और साफ पाया गया तथा किसी बड़ी समस्या की पुष्टि नहीं हुई।

इस मौके पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार अमित खोसला, कनिष्ठ अभियंता कुलदीप, खंड समन्वयक नरेश पाल, रविंद्र कुमार, सुनील कुमार, लैब असिस्टेंट संदीप वधवा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।