IND vs AFG 2nd ODI: कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान के सामने 403 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार को खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल केवल 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटके के बाद कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर टीम की पारी को संभाला। रोहित अर्धशतक से चूक गए और 48 रन बनाकर आउट हो गए।

रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की शानदार साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 110 गेंदों में 154 रन बनाए, जिसमें चौकों और छक्कों की मदद से उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

वहीं ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 79 गेंदों में 125 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारतीय टीम 400 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। गिल के लिए यह शतक खास रहा। उन्होंने करीब 16 महीने बाद वनडे क्रिकेट में शतक जड़ा है। इससे पहले उन्होंने फरवरी 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे शतक लगाया था।

नांगेयालिया खरोटी ने झटके 4 विकेट

अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट अपने नाम किए। अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने भी तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि ए.एम. गजनफर और मोहम्मद सलीम सैफी को एक-एक सफलता मिली।

भारत और अफगानिस्तान की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।

अफगानिस्तान की प्लेइंग 11

रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, राशिद खान, नांगेलिया खरोटे, मोहम्मद सलीम, अल्लाह गजनफर, बिलाल सामी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H