Bihar News: दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA गठबंधन की रैली पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की प्रतिक्रिया सामने आई है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, भ्रम और भ्रांति फैलाकर सत्ता के लोभी लोग, जो भारत विरोधी सुरों के साथ सुर मिलाकर भारत को कमजोर दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे लोगों को देशवासी कभी माफ नहीं करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी की गारंटी है, सुरक्षित भारत, विकसित भारत, सुरक्षित सीमा की। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में सामर्थ्यवान बने हुए भारत पर कोई बुरी नजर नहीं डाल सकता है।
नित्यानंद राय ने कहा कि, आज गारंटी है, अपने देश की अखंडना और संप्रभुता की…मोदी है, तो सब कुछ मुमकिन भी है। मंत्री ने कहा कि, जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ली है, उस समय से स्थानीय उत्पादों का बोल-बाला हो, इस ओर उन्होंने योजना भी बनाई और उसके आधार पर सरकार की नीतियां भी बनीं, उस पर काम भी हुआ, जिस कारण आज बिहार के मखाने से लेकर लीची और अन्य उत्पादों तक, उसी प्रकार पूरे भारत के स्थानीय उत्पादों का इतना बोल-बाला हो गया है कि आज दुनिया के बड़े निर्यातक के रूप में भारत स्थापित हुआ है। प्रधानमंत्री का वो स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प आज पूरा होता दिख रहा है।
गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन द्वारा 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने कार्यकर्ताओं से इसमें शामिल होने की अपील की है। इस रैली में देशभर से करीब 5 लाख लोगों के जुड़ने की उम्मीद है।
वहीं, दूसरी ओर इस रैली को रद्द करने के लिए चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) द्वारा लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा गया है, जिसपर आज पटना पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि, 1 तारीख को रैली होनी है। अभी व्यापारियों से हमें अपील आई है। आज या कल हम सोचकर इसका हल निकालेंगे क्योंकि हम जो कर रहे हैं वह भी जनता के लिए और उनके लिए कर रहे हैं। ये वोट चोरी का मामला बहुत बड़ा है। अगर उनका वोट का अधिकार ही नहीं है तो कोई व्यापारी व्यापार नहीं कर सकता। आज कोई विद्यार्थी अपना भविष्य बनाना चाहता है तो उसे भी कोई समर्थन नहीं मिलेगा। फिर भी हमें जो निवेदन मिला है, उसके बारे में हम सोचेंगे।
ये भी पढ़ें- पटना में ‘मोदी नहीं जाएगा’ का नारा सुन भड़के खरगे, मंच से बोले- ‘मोदी का बाप भी जाएगा’

