भारत की पहली अत्याधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय कार्यक्रम की सफलता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां बेहद तेज कर दी गई हैं।

संजीव घनगस, सोनीपत। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस विशेष बैठक के उपरांत सोनीपत की उपायुक्त नेहा सिंह ने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिला सोनीपत के गोहाना रेलवे स्टेशन, लाठ रेलवे स्टेशन, मोहाना रेलवे स्टेशन तथा सोनीपत रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले क्षेत्रीय कार्यक्रमों के साथ-साथ जींद में आयोजित होने वाले मुख्य शुभारंभ कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। India First Hydrogen Train Jind से रवाना होने के बाद भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ जाएगा।

समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश

उपायुक्त ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं तथा प्रत्येक विभाग अपने आवंटित दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छ पेयजल, साउंड सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, मजबूत कानून-व्यवस्था, सुगम यातायात प्रबंधन तथा बेहतर स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक जनसुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इस बड़े कार्यक्रम के दौरान वहां आने वाले आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं। सभी संबंधित विभाग आपस में गहरा तालमेल बनाकर कार्य करें और निर्धारित समय से काफी पहले अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर लें।

आला प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में गोहाना के एसडीएम सुभाष चंद्र, मोटर व्हीकल अधिकारी सचिन ढुल, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, पीओ तथा रोडवेज जीएम सहित अन्य सभी संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अजय चोपड़ा, सीटीएम सिमरन, एसीपी अमित धनखड़, सीएमओ डाॅ. अनुराधा जैन व अन्य सभी संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। रेलवे और जिला प्रशासन मिलकर इस पूरे प्रोजेक्ट की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटा हुआ है ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम को पूरी तरह से सफल बनाया जा सके।