कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कैथल के हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ किया जाना भारत के लिए एक बड़ी सौगात है।

राकेश कथूरिया, कैथल। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की धरती से भारत देश की पहली और लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ किया है। इससे भारत देश को मजबूती मिलेगी और विकास की गति में तेजी आएगी। यह भारत के लिए बड़ी सौगात है। इस ट्रेन का संचालन जींद से सोनीपत तक होगा और आने वाले समय में इसके दायरे को बढ़ाया जाएगा। भारत देश बदल रहा है और विश्व में देश का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत बनाने के सपने को हम सब मिलकर साकार करेंगे।

जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा शुक्रवार को कैथल के हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। मंत्री व अन्य अतिथिगणों ने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन कर की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सतपाल जांबा, जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, एचएलडीबी चेयरमैन डॉ. अशोक एडवोकेट, लैबरफेड चेयरमैन देवेंद्र पांचाल शामिल रहे।

हरियाणा की पावन धरा

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की ताकत निरंतर बढ़ रही है। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश भी देश में अपना परचम लहरा रहा है। देश और प्रदेश को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है।

देश के प्रधानमंत्री द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान भी हरियाणा की धरती पानीपत से शुरू किया था। जगन्नाथ यात्रा की शुरुआत भी हरियाणा से हुई थी। कुरुक्षेत्र की धरती से भगवान श्री कृष्ण ने गीता का संदेश दिया है। हरियाणा की धरती पवित्र है, जहां से अभियानों की शुरुआत होती है। सभी के सामूहिक प्रयासों से 2047 तक देश व प्रदेश को विकसित भारत बनाएंगे।