केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार (20 जून) को भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (Trade Deal) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इस समझौते को तभी लागू करेगा, जब उसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में स्पष्ट और प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। गोयल के अनुसार, फिलहाल बातचीत में टैरिफ (शुल्क) से जुड़े मुद्दे ही सबसे बड़ी बाधा बने हुए हैं।

‘फ्रेमवर्क समझौता तैयार, अब टैरिफ पर सहमति का इंतजार’

बीजेपी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोयल ने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क पहले ही अंतिम रूप ले चुका है। इसकी औपचारिक घोषणा भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि समझौते को लागू करने का रास्ता अब टैरिफ संबंधी चिंताओं के समाधान पर निर्भर है।

गोयल ने कहा, “हम किसी भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को तब तक लागू नहीं कर सकते, जब तक भारत को उससे ठोस लाभ न मिले। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारतीय उत्पादों पर शुल्क कम हो।”

अमेरिकी पक्ष का दावा—99 प्रतिशत काम पूरा

इस बीच, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता लगभग 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है। हालांकि अंतिम सहमति टैरिफ से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान पर निर्भर करेगी।

हाल के दिनों में रुपये में आई कमजोरी पर प्रतिक्रिया देते हुए गोयल ने भरोसा जताया कि भारतीय मुद्रा जल्द ही स्थिरता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों में सुधार के साथ रुपया सामान्य स्थिति में लौट आएगा।

मोदी सरकार में FTA नेटवर्क का विस्तार

गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों का दायरा तेजी से बढ़ाया है। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में 38 देशों के साथ 9 मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापार, कृषि और आर्थिक विकास को मजबूत करने के लिए लगातार नई रणनीतियों पर काम कर रही है।

उन्होंने किसानों को दी जा रही उर्वरक सब्सिडी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विकास की यह यात्रा अभी शुरुआत भर है और आने वाले वर्षों में भारत नई आर्थिक ऊंचाइयों को छुएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m