प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश आजाद भारत के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। उनके नेतृत्व में NDA सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं। उन्होंने पूर्व पीएम पंडित नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 9 जून 2024 को ही उन्होंने एनडीए के तीसरे कार्यकाल में पीएम पद की शपथ ली थी और उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी आज पूरे हो रहे हैं। पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4398 दिन पूरे हो गए हैं। इसे सुशासन का कालखंड बताते हुए भाजपा देशभर में लगातार कार्यक्रम कर रही है।
इसी उपलक्ष्य में भाजपा अध्यक्ष व सांसद नितिन नबीन ने नई दिल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राजग सरकार की उपलब्धियां विस्तार से गिनाईं। पूर्व सरकार का नाम तो नहीं लिया, लेकिन 2014 से पहले और उसके बाद आए बदलावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पहले भारत निराशा में डूबा हुआ था, जबकि आज विश्वास से भरा हुआ है।
कार्यक्रम में बीजेपी के दिग्गज नेता रहे मौजूद
भारत मंडपम में मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए। संगठन की ओर से भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने ही राजग सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया।
उन्होंने दावा किया कि हर घर नल योजना, स्वच्छ भारत अभियान के तहत बने इज्जतघर (शौचालय) और उज्ज्वला योजना ने महिलाओं का जीवन बदल दिया। जो किसान खेती के लिए कर्ज लेते थे, उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि से संबल मिला। युवाओं को स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना आदि से आगे बढ़ने का अवसर मिला।
12 साल में हुआ अभूतपूर्व विकास
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से भारत से महिला सशक्तीकरण से लेकर 12 साल में देश में अभूतपूर्व इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास का उन्होंने दावा किया। भाजपा अध्यक्ष ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन का मूल मंत्र बताते हुए याद दिलाया कि वैश्विक स्तर पर भारत की धाक बढ़ी है और 32 देशों ने पीएम मोदी को जो सम्मान दिया है, वह 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। उनके वक्तव्य का निष्कर्ष यही था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्ष पूर्ण कर चुकी राजग सरकार जन-जन के विश्वास, अंत्योदय के संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए समर्पित रही है।
इस दौरान एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें राम मंदिर निर्माण और ध्वजारोहण से लेकर भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के दृश्य मौजूदा सरकार के संस्कृति से लेकर तकनीकी तक तक के जुड़ाव और समर्पण को दर्शाने के लिए थे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, विनोद तावड़े और राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख व सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

