अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप जल्द ही शादी के पवित्र बंधन में बंधने वाले हैं। आज रविवार 21 जून को उनका तिलक समारोह है। आकाशदीप का तिलक समारोह उनके पैतृक गांव सासाराम के शिवसागर प्रखंड क्षेत्र स्थित बड्डी गांव में हो रहा है। समारोह को लेकर सुबह से तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम में सीएम सम्राट चौधरी समेत कई वीआईपी लोगों के पहुंचने की संभावना है।
सुबह से कारीगर बना रहे हैं पकवान
आकाशदीप के तिलक समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए खाने-पीने की खास व्यवस्था की जा रही हैं। सुबह से कारीगर लोग तरह-तरह के पकवान बनाने में जुटे हुए हैं। समारोह में वीआईपी से लेकर आम लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में 4000 से अधिक लोगों के आने की संभावना है।
तिलक समारोह में आने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए एक बड़े पंडाल का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही पूरे परिसर को बेहतरीन तरीके सजाया गया है। आकाशदीप के जीजा दीप नारायण सिंह ने बताया कि, इस दिन का कब से इंतजार था। पूरे परिवार के लोगों में खुशी का माहौल है।
24 जून को वाराणसी में होगी शादी
तिलक समारोह के बाद कल 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म गांव में ही पूरी की जाएगी। मुख्य विवाह समारोह 24 जून को वाराणसी के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में संपन्न होगा। आकाशदीप की जीवनसंगिनी बनने जा रही अक्षिता राज मानिकपुर गांव के निवासी अमित कुमार सिंह की पुत्री हैं। वह एक मध्यमवर्गीय और सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। आकाशदीप और अक्षिता का मिलन दोनों परिवारों की सहमति से हुआ है, जो इस विवाह को और भी खास बनाता है।
ये भी पढ़ें- जदयू राज्य परिषद की बैठक: तीसरी बार उमेश कुशवाहा बने प्रदेश अध्यक्ष, निशांत को सभी ने माना अपना नेता

