जींद। देश के रेलवे इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जल्द ही पटरियों पर दौड़ने के लिए तैयार है। संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने जींद से इस ऐतिहासिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

उद्घाटन के साथ ही अमृत भारत योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जींद जंक्शन के नए स्टेशन भवन का भी लोकार्पण हो सकता है। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने रेलवे स्टेशन, हाइड्रोजन प्लांट और संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन रेलवे सूत्रों के अनुसार उद्घाटन 12 या 17 जुलाई को होने की संभावना जताई जा रही है।

ट्रेन का ट्रायल अंतिम चरण में
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल अंतिम चरण में है। जींद-सोनीपत रेलखंड पर स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और अन्य सेक्शनों पर परीक्षण जारी है।यह ट्रेन भारत के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि यह पूरी तरह जीरो कार्बन एमिशन तकनीक पर आधारित है। दुनिया के केवल कुछ ही देशों में हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित हो रही हैं और अब भारत भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है।

अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो जुलाई में जींद से देश को मिलेगी एक ऐसी ट्रेन, जो न सिर्फ आधुनिक होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।