0 न धुआं, न प्रदूषण… स्वच्छ ऊर्जा से दौड़ेगी भारतीय रेलवे की नई क्रांति, हाई-स्पीड ट्रायल सफल
हरियाणा डेस्क. भारतीय रेलवे ने स्वच्छ और आधुनिक परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए देश की पहली हाइड्रोजन पावर्ड ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। ट्रायल के दौरान ट्रेन ने 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार हासिल की। यह उपलब्धि भारत को पर्यावरण-अनुकूल रेल परिवहन की नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।
इस अत्याधुनिक ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह न तो धुआं छोड़ेगी और न ही प्रदूषण फैलाएगी। हाइड्रोजन ईंधन से संचालित यह ट्रेन कार्बन उत्सर्जन को कम करने और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय रेलवे की बड़ी पहल है।
जींद-सोनीपत रेलखंड पर होगा संचालन
भारतीय रेलवे की यह पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच संचालित की जाएगी। नीले रंग और सफेद धारियों वाली इस ट्रेन का ट्रायल वीडियो भी सामने आया है, जिसे लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है।
औपचारिकताओं के बाद यात्रियों के लिए होगी शुरू
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है। अब कुछ तकनीकी परीक्षण और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस ट्रेन को आम यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा। इसके संचालन से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भारतीय रेलवे भी हरित तकनीक के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाएगा।

